-19 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं विद्यार्थी
-1 जून, 2024 को प्रवेश के लिए आयोजित होगी परीक्षा
-देश में 10 केंद्रों पर होगी, तैयारियों में जुटा विवि प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सिविल सेवा (यूपीएससी) की प्रिलिमनरी कम मेन परीक्षा-2025 की तैयारी के लिए छात्र मुफ्त कोचिंग का लाभ ले सकते हैं। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी यानी आरसीए के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 18 मार्च 2024 से जामिया मिल्लिया इस्लामिया की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। उम्मीदवार 19 मई, 2024 तक आवेदन कर सकते हैं। साथ ही, आवेदन पत्र में संशोधन की तिथि 21-22 मई है। मुफ्त कोचिंग के लिए प्रवेश परीक्षा एक जून, 2024 को आयोजित होगी। हालांकि, लिखित परीक्षा और इंटरव्यू की मेरिट के आधार पर मिलेगी।
लिखित परीक्षा में यूपीएससी के आधार पर सामान्य अध्ययन (केवल वस्तुनिष्ठ प्रकार) शामिल होगा। यह अंग्रेजी, हिंदी व उर्दू में होगा और निबंध लेखन में अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू का विकल्प भी होगा। परीक्षण का उद्देश्य उम्मीदवार के सामान्य जागरूकता, आलोचनात्मक सोच, तार्किक सोच, तर्क और समझ और लिखित संचार के ज्ञान का आकलन करना है। परीक्षा की कुल अवधि तीन घंटे होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन के लिए दो घंटे और निबंध लेखन के लिए एक घंटा शामिल होगा। इसमें केवल वे उम्मीदवार जिन्होंने पहले ही स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है और सिविल सेवा परीक्षा 2025 के लिए आवेदन करने के पात्र हैं, आरसीए-जेएमआई प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा के माध्यम से 100 सीटें उपलब्ध हैं।
-
10 केंद्रों पर होगी प्रवेश परीक्षा देशभर में
प्रवेश परीक्षा दस शहरों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए देशभर में 10 सेंटर बनाए जाएंगे। इसमें दिल्ली, श्रीनगर, जम्मू, हैदराबाद, गुवाहाटी, मुंबई, पटना, लखनऊ, बेंगलुरु, मल्लापुरम (केरल) में परीक्षा देने का मौका मिलेगा। उम्मीदवार अपनी पसंद के आधार पर परीक्षा केंद्र चुन सकते हैं।
छात्रों को मिलती है मुफ्त कोचिंग आरसीए 24x7 पुस्तकालय सुविधा और एक इकोसिस्टम के साथ वंचित छात्रों को मुफ्त कोचिंग और प्रशिक्षण प्रदान करता है जो सिविल सेवा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के उम्मीदवारों के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में से एक है। पात्रता, परीक्षा केंद्रों और अन्य विवरणों के बारे में विस्तृत जानकारी jmi.ac.in और jmicoe.in पर उपलब्ध है।