कांवड़ यात्रा से पहले पुलिस ने की शांति समिति की बैठक
दनकौर (संवाद)। दनकौर कोतवाली पुलिस ने बुधवार शाम श्रीद्रोणाचार्य मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कोतवाली प्रभारी मनोज चौहान की मौजूदगी में हुई बैठक में लोगों से शांति और सौहार्द के साथ यात्रा निकालने की अपील की गई।
पुलिस ने लोगों ने अपील की कि यात्रा के दौरान विवाद या अफवाह फैलाने से बचें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक में लोगों ने यात्रा के दौरान यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कोतवाली प्रभारी ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस-प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध करेगा। बैठक में एसएसआई सोहनपाल सिंह, दीपक कुमार, सोनू वर्मा, त्रिलोक नागर, संदीप जैन आदि मौजूद रहे।