पुन्हाना। फरीदाबाद पुलिस की हिरासत में कथित तौर पर मारपीट के कारण गांव जमालगढ़ में एक युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को बवाल मचा दिया था। लोगों ने पुन्हाना-बीवां रोड और नगीना-होडल मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया था। सूचना पाकर दोपहर करीब दो बजे पहुंची पुलिस को देखकर प्रदर्शनकारी भड़क गए थे। भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस जिप्सी को आग के हवाले कर दिया था। पथराव के कारण कई पुलिसकर्मियों को चोटें भी लगीं थी। इस मामले में पुन्हाना पुलिस ने रविवार को सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर 58 नामजद के अलावा करीब डेढ़ सौ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपियाें को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।
डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि शेर मोहम्मद एडवोकेट रूपडाका, इरशाद चेयरमैन रावलकी, समशुद्दीन चेयरमैन पुन्हाना, राहुल, रसीद सहित 58 लोगों की पहचान हो चुकी है। इनमें से राहुल निवासी ठेक, आदिल पैमा रोड, मोहम्मद आसिफ गौधोली, मोहसिन पटाकपुर, फैज सिरौली, मुद्दीन नकनपुर, हासम जमालगढ़, सैकुल बलई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल कराने के बाद इन लोगों को अदालत में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। डीएसपी का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा। आगजनी, उपद्रव और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। अन्य आरोपियाें की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों के ठिकाने पर दबिश दी जा रही है।