क्रिकेटर स्वास्तिक चिकारा, मोहम्मद अमन और दिव्यांश जोशी भी रहे मौजूद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एस्टर पब्लिक स्कूल में सोमवार से शुरू हुए पहले सीबीएसई राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ सांसद डॉ महेश शर्मा ने किया। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। उनके साथ युवा क्रिकेटर स्वास्तिक चिकारा, मोहम्मद अमन और दिव्यांश जोशी ने भी टूर्नामेंट में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के टिप्स दिए।
पहले दिन यंग स्टार मैदान पर अंडर-17 आयु वर्ग के वेस्ट जोन डोमिनेटर्स ने नौ विकेट से ईस्ट जोन की सनराइज स्टैलियंस को हरा दिया। अंश भाकर को प्लेयर आफ द मैच चुना गया। उन्होंने 37 रन की नाबाद पारी खेली और दो विकेट लिए। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइज स्टैलियंस ने 16.5 ओवर में 64 रन बनाए। जवाब में वेस्ट जोन डोमिनेटर्स की टीम ने आसानी से 65 रन बनाकर मैच जीत लिया। रिदे माहेश्वरी ने 24 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, अंडर-14 आयु वर्ग में पहले खेलने उतरी साउदर्न स्ट्राइकर्स ने 155 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स स्टैलियंस की टीम 149 रन ही बना सकी। तीसरे मैच में साउथ जोन की टाइटंस टीम ने 15 रन से ईस्टर्न मेवरिक्स को हराकर जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन टाइटंस टीम ने 141 रन बनाए। जवाब में ईस्टर्न मेवरिक्स की टीम 126 पर ढेर हो गई।