-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुआ हादसा, आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जयसिंहपुर चौकी के पास शुक्रवार को दौड़ते ट्राला में पीछे से आया दूसरा ट्राला घुस गया। भीषड़ हादसे में दूसरे ट्राला के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्ण पुत्र कालू राम निवासी पंडा, थाना विराटनगर, जिला कोटपुतली (राजस्थान) के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ट्राला आगे चल रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्राला अचानक उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।पुलिस को चालक का शव बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद शव को केबिन से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नूंह भिजवा दिया। इस मामले में अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।