आगरा में आयोजित ताज कप वुशु चैंपियनशिप के नौवें संस्करण में 70 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग में स्वर
सिकंदरपुर। आगरा में आयोजित ताज कप वुशु चैंपियनशिप के नौवें संस्करण में जनपद के सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा कठौड़ा निवासी अनूप कुमार ने 70 किलोग्राम बॉक्सिंग वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। इससे परिवार, गांव और जनपद में खुशी की लहर है।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल मुकाबले में अनूप का सामना आगरा के अनुभवी खिलाड़ी राहुल दीक्षित से था। मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा। दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर सधे हुए प्रहार किए, लेकिन अंतिम राउंड में अनूप ने बेहतर रणनीति, तेज फुटवर्क और शानदार तकनीक के दम पर निर्णायक बढ़त लेते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। अनूप की जीत की खबर गांव कठौड़ा पहुंची, तो खुशी का माहौल बन गया। परिजनों ने मिठाइयां बांटीं। वुशु फेडरेशन के प्रेसिडेंट आरसी अग्रवाल ने अनूप को बधाई दी। उत्तर प्रदेश वुशु फेडरेशन के अध्यक्ष सुहेल अहमद ने शुभकामनाएं दीं। मुख्य कोच आकाश मौर्या ने कहा कि अनूप मेहनती खिलाड़ी हैं। संवाद