परिषदीय स्कूलों में आज से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं
80 हजार छात्र होंगे शामिल, स्कूलों में तैयारियां पूरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले के परिषदीय स्कूलों में सोमवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हाे रही हैं। इन परीक्षाओं में करीब 80 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार प्रश्नपत्र विभाग की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि उत्तर पुस्तिकाएं स्कूल स्तर पर ही छात्रों को दी जाएंगी। परीक्षा का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए स्कूलों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों में परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, बैठने की योजना और शिक्षकों की ड्यूटी पहले ही तय कर दी गई है। विभाग की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखा जाए, ताकि सभी छात्र शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दे सकें।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि सभी परिषदीय स्कूलों को परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं और स्कूल स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से परीक्षाओं की निगरानी भी की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्ण्
30 मार्च को घोषित किया जाएगा परिणाम
ग्रेटर नोएडा। जनपद के चारों ब्लॉक में संचालित परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। परीक्षाएं 16 मार्च से 20 मार्च तक कराई जाएंगी। परीक्षा परिणाम 30 मार्च को घोषित किया जाएगा। बीएसए राहुल पंवार ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। प्रथम पाली 9:30 से दोपहर 11:30 तक और द्वितीय पाली 12:30 से 2:30 बजे तक कराई जाएगी। पिछले साल अतिरिक्त समय भी बच्चों को दिया गया था लेकिन इस बार दो घंटे का समय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कक्षा एक की परीक्षा मौखिक होगी, जबकि दो व तीन में परीक्षा लिखित एवं मौखिक होगी। कक्षा चार व पांच की भी परीक्षा लिखित एवं मौखिक होगी। कक्षा छह से आठ तक की परीक्षा लिखित कराई जाएगी। ब्यूरो