रोसयाबाजार। उच्च प्राथमिक विद्यालय हरिबंशपुर में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति के अंतर्गत कक्षा 6 की छात्रा अंकिता को एक दिन का प्रधानाध्यापक बनाया गया। प्रधानाध्यापक के रूप में अंकिता ने विद्यालय की स्वच्छता परखी। बच्चों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
नवरात्र में चल रहे दुर्गा पूजा कार्यक्रम में समिति से समन्वय स्थापित करते हुए, सदस्यों से अनुरोध किया कि विद्यालय अवधि में यदि संभव हो तो डीजे कुछ समय के लिए बंद रखें और आवश्यकता पड़ने पर थोड़ा धीमी आवाज में कार्यक्रम संपन्न करें। जिससे विद्या मंदिर में विद्या की देवी मां सरस्वती का कार्यक्रम भी कुशलता से संपन्न होता रहे। दोनों देवियों के कार्यक्रम जनसमुदाय के लिए आवश्यक हैं। अतः दोनों को एक दूसरे का पूरक बनना चाहिए। दुर्गा पूजा समिति ने प्रधानाध्यापक अंकिता की बातों से सहमति जताते हुए एक दूसरे का सहयोग करने का आश्वासन दिया।
अंकिता का कहना है कि सभी शिक्षकों को अपना कर्तव्य ईमानदारी पूर्वक और कर्मठता से निभाना चाहिए। क्योंकि हम राष्ट्र के भावी नागरिक तैयार कर रहे हैं। बच्चे शिक्षकों से अनुशासन, समयबद्धता, ईमानदारी, कर्मठता, सत्यनिष्ठा आदि अनुकरण से ही सीख जाते हैं।अतः शिक्षकों को अपने अंदर इन गुणों को जरूर धारण करना चाहिए।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मनीराम मौर्य, सहायक अध्यापक भागवत प्रसाद गौड़, वशिष्ठ कुमार, दीपक कुमार, राजपती, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम सुरेश, प्रमिला देवी, शिवेंद्र, श्यामू, मनोज आदि मौजूद रहे।
000000000000000