संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों और गोकसी से जुड़े गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई तावडू सदर थाना सीमा क्षेत्र में गुरनावट खोरी रोड पर रेलवे पुल के पास की गई, जहां आरोपी गो तस्करी में प्रयोग होने वाली गाड़ियों और हथियारों के साथ मौजूद थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुप्त सूचना मिली कि हारुण उर्फ हारिस पुत्र सुलेमान, साहिल पुत्र मामदीन, मुश्ताक पुत्र सुबदीन सभी सुनारी निवासी थाना सदर तावडू, हासम निवासी खोड बसईनथाना रोजका मेव और नसीम उर्फ भुक्कड गवारका निवासी मिलकर गोकसी का धंधा चला रहे हैं । सूचना के अनुसार, वे लोहारू से गाय लेकर फिरोजपुर गांव में खाली कर रहे थे और उसी दौरान गुरनावट खोरी रोड पर हिसाब-किताब के लिए खड़े थे। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची तो पांच व्यक्ति टाटा 407 और स्विफ्ट डिजायर कार के पास खड़े दिखे। पुलिस गाड़ी देखते ही वे भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने दो को काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपी हारुण की जेब से अवैध देसी कट्टा मिला है। तीन आरोपी साहिल, मुश्ताक और हासम भागने में सफल रहे। सदर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।