ग्रेटर नोएडा(संवाद)। साकीपुर गांव में एक किसान का पुराना व जर्जर मकान तोड़ने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। सूचना पर किसान सभा के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक तोड़फोड़ की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी थी। किसानों का कहना है कि पुरानी आबादी(पुराने व जर्जर मकान) को तोड़कर प्राधिकरण किसानों के साथ अन्याय कर रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों ने बताया कि रविवार को साकीपुर के किसान जय सिंह की एवीजे फ्लैट के पीछे बने पुराने जर्जर मकान को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दस्ते ने भारी पुलिस बल के साथ सुबह 5 बजे तोड़ दिया। जय सिंह के परिवार को अपना सामान बाहर निकालने का मौका भी नहीं दिया। किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ रूपेश वर्मा ने कहा कि प्राधिकरण किसानों की आबादियों का निस्तारण किए बिना ही उनमें अन्य लोगों के प्लॉट आवंटित कर रहा है। रोज किसी न किसी किसान की पुरानी आबादी पर हमला हो रहा है। इस अवसर पर गुरप्रीत एडवोकेट, अशोक भाटी, संदीप भाटी, यतेंद्र भाटी, रमेश भाटी, सतपाल खारी, सोनू समानिया, दुष्यंत सैन, सूले यादव, सौरव यादव, नितिन चौहान अन्य दर्जनों किसान सभा के साथी मौजूद रहे।