शुक्लागंज। नगर के गंगाघाट रेलवे स्टेशन की कायापलट के लिए अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के अंतर्गत दो साल पहले कार्य तो शुरू हुआ लेकिन सिर्फ बीस फीसदी तक कार्य सिमट कर रह गया। साल 2025 के अंत तक इसे पूरा करना था। बीते दिनों डीआरएम भी आए थे और एजेंसी के कर्मचारियों को अक्टूबर माह के अंत तक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
बता दे कि चार अक्टूबर को उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर अमृत भारत रेल स्टेशन योजना के कार्य की प्रगति जानी थी। कार्य बंद होने पर जिम्मेदार रेल अफसरों और कार्यदायी एजेंसी के कर्मचारियों से जानकारी की। इसके बाद उन्होंने अक्टूबर माह के अंत में कार्य शुरू होने की बात कही थी लेकिन अब तक कार्य बंद पड़ा है। सिर्फ रेल स्टेशन के सामने पड़ने वाली राजीव नगर खंती बस्ती की ओर रिटेनिंग वॉल का बेस बनाने का कार्य ही हो सका है।
80 फीसदी कार्य अब तक शेष है। कार्य साल 2023 में शुरू हुआ था जिसे दिसंबर 2025 में खत्म होना था। योजना के अंतर्गत रेल स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, आरक्षण केंद्र, वातानुकूलित विश्रामालय, मालघर, पार्किंग, दो खंड रेलवे स्टेशन बिल्डिंग, यार्ड, प्लेटफार्म चौड़ीकरण व उनकी संख्या बढ़ाने संबंधी कार्य होने है। डीआरएम ने बताया कि कार्य अब तक क्यों नहीं शुरू हुआ इसकी जानकारी कर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।