आम्रपाली: 5 चरणों में होगा निर्माणाधीन फ्लैटों का काम
नोएडा। आम्रपाली मामले में एनबीसीसी ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए अपना प्लान जारी कर दिया है। इसके मुताबिक कुल पांच चरणों में निर्माणाधीन फ्लैटों का काम होगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के एक-एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट से शुरुआत की जाएगी। इन दोनों प्रोजेक्ट के बचे फ्लैट बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया में है।
कोर्ट रिसीवर की ओर से वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक ईडेन पार्क नोएडा में 316 यूनिट हैं इनमें से 7 निर्माणाधीन हैं। वहीं कैसल ग्रेटर नोएडा में 302 यूनिट हैं इनमें से 10 निर्माणाधीन हैं। इन्हें पूरा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया में है। जल्द ही इनका काम पूरा हो जाएगा। इसके अलावा पहले चरण में नोएडा के सात और ग्रेटर नोएडा के तीन प्रोजेक्टों पर काम शुरू होगा। इनमें से दो का टेंडर पहले ही निकाला जा चुका है। इसके अलावा नोएडा में जोडिएक के कुल 2230 फ्लैटों में 610 निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा सफायर-1 के 1033 में से 32, सफायर फेज-2 के 1308 में से 550, सिलिकॉन सिटी फेज-1 के 2464 में से 650, सिलिकॉन सिटी फेज-2 के सभी 871 और प्रिंसले एस्टेट के 1919 में से 319 फ्लैट निर्माणाधीन हैं। इसी तरह से ग्रेटर नोएडा के सेंचुरियन पार्क लो राइज के सभी 600 फ्लैट और सेंचुरियन पार्क ओटू वैली के सभी 800 फ्लैट निर्माणाधीन हैं। इनका काम भी पहले चरण में होगा। वेबसाइट पर बताया गया है कि कुल पांच चरणों में निर्माणाधीन फ्लैटों का काम होगा। कुल 47062 में से 38646 फ्लैटों का निर्माण किया जाना है। खास बात यह कि जहां-जहां से बजट का इंतजाम करने की बात कही गई थी, उन सभी को जोड़ने के बाद भी 1697.81 करोड़ रुपये कम पड़ रहे हैं।