माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय में बुधवार को नोबेल पुरस्कार विजेता और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में स्ट्रक्चरल बायोलॉजी के प्रोफेसर रोजर डी. कॉर्नबर्ग को विज्ञान, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉक्टरेट ऑफ साइंस की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। वहीं, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन की स्ट्रक्चरल बायोलॉजी की प्रोफेसर याहली लोर्च को मानद प्रोफेसरशिप प्रदान की गई।
एमिटी शिक्षण समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार चौहान ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ऐसा विश्वस्तरीय अकादमिक वातावरण तैयार किया जाना चाहिए, जो उत्कृष्ट शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण को प्रोत्साहित करे। उन्होंने कहा कि प्रो. रोजर डी. कॉर्नबर्ग की नोबेल पुरस्कार उपलब्धि और प्रो. याहली लोर्च का स्ट्रक्चरल बायोलॉजी के क्षेत्र में योगदान वैज्ञानिक उत्कृष्टता के उच्च मानकों का प्रतिनिधित्व करता है।
एमिटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के चांसलर डॉ. अतुल चौहान ने कहा कि प्रो. रोजर डी. कॉर्नबर्ग और प्रो. याहली लोर्च जैसे शिक्षाविदों और वैज्ञानिकों को सम्मानित करना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है।