-द्वारका के संतोष पैलेस में लेडी डॉन अनुराधा चौधरी के साथ शादी के बंधन में बंधा
-बहुचर्चित शादी के दौरान पुलिस के करीब 400 जवान चप्पे-चप्पे पर रहे तैनात
-लिस्ट में शामिल मेहमानों के अलावा किसी को अंदर जाने की नहीं मिली इजाजत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के द्वारका स्थित संतोष पैलेस में पुलिस के कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी और लेडी डॉन अनुराधा चौधरी उर्फ मैडम मिंज शादी की बंधन में बंध गए। शादी के लिए छह घंटे की पैरोल मिलने के बाद तिहाड़ जेल से जेल वैन से शादी स्थल पर पहुंचे काला जठेड़ी ने सात फेरे लिए। इस दौरान अनुराधा सुर्ख लाल जोड़े में नजर आई वहीं काला जठेड़ी कुर्ता-पायजामा और सदरी पहने हुए था और उसके सिर पर लाल रंग की पगड़ी थी। समारोह में दिल्ली पुलिस, दोनों गैंगस्टरों के परिवार वालों के अलावा उनके खास परिचित शामिल हुए।
बताते चलें कि गैंगस्टर काला जठेड़ी फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है। शादी के लिए उसे अदालत से छह घंटे की पैरोल मिली थी। मंगलवार सुबह से ही दिल्ली पुलिस के करीब 400 जवानों ने समारोह स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी थी। करीब 10 बजे भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच काला जठेड़ी जेल वैन से दिल्ली पुलिस की तीसरी बटालियन की एक कंपनी के साथ शादी स्थल पर पहुंचा। जेल वेन के आगे पुलिस की गाडी़ और पीछे स्वाट टीम के कमांडो की गाड़ी चल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुराधा सुबह छह बजे ही बैंक्वेट हॉल पहुंच गई थी। वहां पर उसने हॉल और शादी के मंडप को फूलों से सजवाया। फिर घर चली गई।
दूल्हे के पहुंचने से पहले वह खुद स्कॉर्पियो चलाकर बैंक्वेट हॉल पहुंची। कार में उसके परिवार वाले मौजूद थे। अनुराधा के हाथों पर संदीप के नाम की मेहंदी नजर आ रही थी। पुलिस तिहाड़ जेल से काला जठेड़ी को लेकर सीधे बैंक्वेट हॉल पहुंची। वहां उसने अपने कपड़े बदले। इसके बाद स्टेज पर जाकर कुछ देर अपनी होने वाली पत्नी अनुराधा चौधरी के साथ बैठा। वहां जयमाला की रस्म के बाद दोनों ने सात फेरे लिए। इसके बाद दोनों से मिलने के लिए स्टेज पर उनके सगे संबंधी पहुंचे। सभी ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
चार स्तरीय सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी
दिल्ली में हो रही इस चर्चित शादी समारोह में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। समारोह स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा में दिल्ली पुलिस के अलावा हरियाणा, राजस्थान और पंजाब पुलिस के जवान तैनात थे। समारोह स्थल पर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो तैनात थे। ड्रोन से पूरे इलाके पर निगरानी रखी जा रही थी। बैंक्वेट हॉल के आसपास की छतों पर दिल्ली पुलिस के जवान तैनात थे। पुलिसकर्मियों ने बॉडी कैमरा लगा रखा था। समारोह स्थल से करीब डेढ़ सौ मीटर पहले से ही लोगों के प्रवेश पर पाबंदी कर दी गई थी। सबसे पहले पुलिस यहां आने वाले लोगों के नाम की जांच कर रही थी। इसके बाद लोगों को वहां लगे मेटल डिटेक्टर से गुजारकर अंदर भेजा जा रहा था। अंदर में मौजूद पुलिसकर्मी आने वाले लोगों का वीडियो बना रहे थे। सुरक्षा का आलम यह था कि अनुराधा के साथ आने वाले परिवार के सदस्यों को भी जांच के बाद ही समारोह स्थल के अंदर जाने की अनुमति दी गई। लोगों को मोबाइल लेकर अंदर जाने की इजाजत नहीं थी। यहां तक कि पुलिस ने डीजे वाले को भी अंदर जाने से मना कर दिया।
100 से ज्यादा लोग शादी में शामिल हुए
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शादी में काला जठेड़ी और अनुराधा के परिवार के साथ 100 से ज्यादा लोग शादी में शामिल हुए। पहले ही शादी समारोह में शामिल होने वालों की लिस्ट बना ली गई थी। जिन लोगों का नाम लिस्ट में नहीं था उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। बताया जा रहा है कि जठेड़ी गांव के रहने वालों ने अपने परिवार वालों का लिस्ट में नाम डलवा दिया था। लेकिन पहचान पत्र से मिलान नहीं होने पर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया।
-
30 प्रकार के व्यंजन बने, महिलाओं ने गाए गीत
समारोह के दौरान गांव से आई महिलाओं ने मंगल गीत गाए। महिलाओं ने बताया कि कई शादियां देखी लेकिन इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही शादी को पहली बार देख रही है। पुलिस ने सुरक्षा को लेकर इलाके की सभी दुकानें बंद करवा दीं थीं। काला जठेड़ी की लीगल टीम ने इस बैंक्वेट हॉल को 51 हजार रुपये में बुक किया था। यह जगह तिहाड़ से सात किलोमीटर दूर है। शादी समारोह के दौरान मेहमानों के लिए 30 प्रकार के व्यंजन बनाए गए थे।