माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अर्बेनिया स्पेसेस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक सुखजोत सिंह सोढ़ी ने बिल्डर कंपनी अवधेश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अक्षय त्यागी और उनके साथियों पर कंपनी के कार्यालय से महत्वपूर्ण दस्तावेज लूटने, कर्मचारियों को धमकाने के साथ निवेशकों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। बिसरख कोतवाली पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
सुखजोत सिंह सोढ़ी ने केस दर्ज कराया है कि 10 अक्तूबर 2024 को अक्षय त्यागी और 10-12 अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित टेकजोन-4 के प्लॉट नंबर 6ए पर जबरन घुसकर कर्मचारियों की पिटाई की और कार्यालय से लैपटॉप, कंप्यूटर, रजिस्टर व अन्य दस्तावेज़ छीनकर ले गए। पुलिस को डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन रात करीब 11 बजे आरोपी फिर से वहां पहुंचे और गार्ड्स को धमकाकर भगा दिया। स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे। आरोप है कि विवाद 2015 से चल रहा है। जब अवधेश इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड को परियोजना का निर्माण करने के लिए दिया था। आरोप है कि अब बलपूर्वक परियोजना पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) और इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुकदमे लंबित हैं। आरोपियों ने परियोजना पर कब्जे के लिए जाली दस्तावेज बनाकर कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय को भेजे है। परियोजना से जुड़े 1000 निवेशकों के साथ कर्मचारियों को डराया-धमकाया। पीड़ित ने अक्षय त्यागी, अवधेश भाटिया, सुरिंदर भाटिया, पायल भाटिया, रमन कपूर और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।