माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-151 गांव झट्टा निवासी जुगेंद्र ने जमीन सौदे में 45 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने फरीदाबाद के देवेंद्र सिंह और उसके पुत्र रिषभ महाना के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़ित जुगेंद्र ने बताया कि जमीन की खरीद के लिए उसने कुल 45 लाख रुपये बतौर बयाना देवेंद्र को दिए थे। देवेंद्र ने जमीन का बैनामा जनवरी 2021 में कराने का आश्वासन दिया था।
जुगेंद्र के अनुसार बेटी की शादी के कारण वह 7 दिसंबर को बैनामा नहीं करा सका। जनवरी 2021 में जब वह बैनामे की मांग लेकर दुबारा देवेंद्र से मिला, तो देवेंद्र ने नया प्रस्ताव रखते हुए दावा किया कि जमीन अब महंगे दामों में बिक रही है। उसने पीड़ित को उसकी 45 लाख रुपये की राशि के बदले 19 लाख रुपये मुनाफा जोड़कर 64 लाख रुपये लौटाने की पेशकश की। इस पर पीड़ित ने न्यायालय में परिवाद दाखिल किया। जिसके बाद समझौते के तहत देवेंद्र ने 21 लाख रुपये वापस किए। लेकिन जब जुगेंद्र ने अपनी मूल 45 लाख की धनराशि की मांग की, तो देवेंद्र व उसके पुत्र ने धमकी दी। जुगेंद्र ने आरोप लगाया कि देवेंद्र ने जमीन किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में पहले ही बेच दी है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।