माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में फर्जी बैनामों के जरिए जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। इंदिरापुरम निवासी पीड़ित जुल्फीकार अली के अनुसार ओमनाथ और उससे जुड़े यामीन खां, हब्लू माटी, अजहर खान, सुरेन्द्र उर्फ भगत सिंह सहित कई लोगों ने मिलकर बड़ी संख्या में स्टांप वेंडरों से 2013 में स्टांप खरीदे थे।
इन स्टांप को पुरानी तारीखों का बनाकर उन पर जाली हस्ताक्षरों के साथ वर्ष 2009 व 2011 के नाम से बैनामें तैयार कर दिए गए। पीड़ित जुल्फीकार अली के अनुसार असली काश्तकारों नसीमा बेगम, जाहिदा बेगम, शहनाज बेगम, चंद्रशेखर, प्रतिमा कुमारी, बबीता देवी, रामकुमार सहित अन्य खरीदारों की जमीनों पर आरोपी पक्ष हथियारों के बल पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। बैनामा तैयार करने में जिन स्टांप ड्यूटी का इस्तेमाल दिखाया गया है। वह वर्ष 2013 में खरीदे गए थे। जबकि विक्रय पत्र को वर्ष-2009 का दिखाया गया है। तहसीलदार ने मामले की जांच कर 2015 में फर्जीवाड़े को उजागर कर इसका समाचार पत्र में प्रकाशन भी कराया था। इसके बाद ओमनाथ का नाम बैनामों से खारिज कर दिया गया था। बावजूद इसके दो फर्जी बैनामे जमील अहमद अंसारी और मुस्तफा अशरफ रहमान के नाम लंबित रह गए। आरोप है कि इन्साद अली और नौशाद अली के नाम वर्ष 2024 में पंजीकृत बैनामा भी इन्हीं फर्जी बैनामों को आधार बनाकर दर्ज कराया गया था। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।