माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फ्लैट बुकिंग के नाम पर आठ लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेक्टर-53 नोएडा में रहने वाले फनिन्द्रा सरकार का कहना है कि जनवरी 2023 के पहले सप्ताह में अनुज चौधरी नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और कहा कि मैसर्स गायत्री इन्फ्रा प्लानर प्राइवेट लिमिटेड सेक्टर-16 ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गायत्री लाइफ नामक प्रोजेक्ट चला रही है। भरोसा करते हुए पीड़ित ने अपनी पत्नी विधिका सरकार के नाम से फ्लैट की बुकिंग कराई। पीड़ित ने करीब आठ लाख रुपये कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। शुरुआत में प्रोजेक्ट का निर्माण पूर्ण होने का दिखावा किया गया, लेकिन अक्टूबर-नवंबर 2024 में पता चला कि कंपनी दिवालियापन प्रक्रिया में है। एनसीएलटी के तहत कार्रवाई चल रही है।
जब पीड़ित ने जयकिशन गुप्ता (निदेशक) और अखिलेश गुप्ता (चेयरमैन) से संपर्क किया, तो उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। अनुज चौधरी गोलमोल उत्तर देता रहा। आईआरपी निलेश शर्मा के अनुसार फ्लैट वर्तमान में आशीष कुमार और श्रीकांत उपाध्याय के नाम पर दर्ज है। पीड़ित ने कंपनी निदेशक व चेयरमैन और जमीन मालिक मैसर्स अनुषा इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।