नॉलेज पार्क स्थित नालंदा लिविंग हास्टल का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित नालंदा लिविंग हॉस्टल के खाने में नाखून निकलने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दिख रहा छात्र कह रहा है कि खाने में दो नाखून निकले हैं और गिनती की चार रोटियां दी जा रहीं हैं। उसने सब्जी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। मामले में सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने आरोप लगाया कि बच्चों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
वहीं, हाॅस्टल प्रबंधन के राहुल नागर का कहना है कि बच्चों ने खाने में नाखून डालकर वीडियो बना लिया, जिसे वायरल कर दिया गया था। इसी मामले से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें छात्र कह रहा है कि कुछ दोस्तों ने मजाक-मजाक में उसके खाने में नाखून डाल दिया था, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। इस वजह से उसने वीडियो बना लिया था।