ट्रक साइड नहीं करने के विवाद में ट्रांसपोर्टर के दो मुंशी से मारपीट, वीडियो वायरल
- सेक्टर-69 ट्रांसपोर्ट नगर की घटना, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-69 में ट्रक साइड नहीं करने के विवाद में कार सवार युवकों ने ट्रांसपोर्टर के दो मुंशी के साथ मारपीट कर दी। इसमें एक के आंख के पास गंभीर चोट लगी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली फेज थ्री पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 55 निवासी पिंटू कुमार ने पुलिस से शिकायत की है कि वह सेक्टर 69 स्थित ओम शंकर ट्रांसपोर्ट में मुंशी का काम करते हैं। वह बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्ट की गाड़ी साइड कर रहे थे। इसी बीच पीछे से काली स्कॉर्पियो सवार ने गाड़ी साइड करने को लेकर अभद्रता शुरू कर दी। जब पीडि़त ने विरोध किया तब कार चालक अपने तीन-चार साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद ट्रांसपोर्ट ऑफिस के नीचे एक होटल में घुसकर होटल से बाहर खींचकर मारपीट की। उन्हें बचाने के लिए ट्रांसपोर्ट का दूसरा मुंशी ब्रह्मपाल बीच में आया तो आरोपियों ने उसे भी मारकर घायल कर दिया। एसीपी उमेश यादव का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।