उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले चल रही अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का द्वितीय चरण मडराक स्थित ईडन पार्क क्रिकेट ग्राउंड पर हुई। दूसरे मुकाबले में डीएलएस पद्धति से अलीगढ़ की टीम विजयी रही।
इस प्रतियोगिता में अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहला मुकाबला अंडर-14 वर्ग में आगरा और कासगंज के बीच खेला गया। आगरा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 65 रन पर ऑल आउट हो गई।
जवाब में कासगंज की टीम ने 11 ओवर में दो विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया और आठ विकेट से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच जतिन रहे। दूसरा मैच एटा और अलीगढ़ के बीच खेला गया। एटा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 108 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अलीगढ़ की टीम ने 10 ओवर में 69 रन बनाए। डीएलएस पद्धति से अलीगढ़ को विजेता घोषित किया गया। जिला सचिव दिनेश कुमार ‘गोल्डी’ ने बताया कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने हाथरस को इस प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी है। देवांश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सचिव सुजीत पचौरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशानुसार पूरी निष्पक्षता के साथ कराई जा रही है। इस मौके पर अखिल दीक्षित (एटा), बाबुल भाई (आगरा), गौरव, चेतन कुमार, रिंकू दीक्षित, अंकित यादव आदि मौजूद रहे।