- नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बंगलूरू और नवी मुंबई के लिए टिकट की बुकिंग शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। इंडिगो के बाद अकासा एयर ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ानें शुरू करने की घोषणा कर दी है। 16 जून से नोएडा से बंगलूरू और नवी मुंबई की रोजाना उड़ानें शुरू हो जाएगी। जल्द ही कंपनी अन्य शहरों में भी उड़ानें शुरू करेगी। कंपनी ने उड़ानों की बुकिंग शुरू कर दी है। इससे पहले इंडिगो 15 जून से देश के कई शहरों में अपनी उड़ानों का शेड्यूल जारी कर चुकी है।
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नोएडा हवाईअड्डे से उड़ानें शुरू होने से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की पहुंच मजबूत होगी। उड़ानों के लिए बुकिंग अकासा एयर की वेबसाइट, एप और कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से की जा रही है। अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली एनसीआर के हवाई क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने, क्षेत्रीय पहुंच बढ़ाने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा एनसीआर में आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
मेंटेनेंस, ओवरहॉलिंग के लिए एमआरओ सुविधा शुरू करेगा अकासा एयर
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमानों की ओवरहॉलिंग, मेंटिनेंस, देखरेख (एमआरओ) की नींव भी रखी थी। यहां अंतरराष्ट्रीय विमानों का रखरखाव किया जाएगा। अकासा एयर हवाई अड्डे के परिसर में यह अत्याधुनिक एमआरओ सुविधा का संचालन करेगी।
प्रतिदिन
दिन प्रस्थान समय आगमन समय
16 जून बेंगलुरु से 16:25 नोएडा 19:15
16 जून नोएडा से 19:55 बेंगलूरू 23:00
16 जून नवी मुंबई से 07:25 नोएडा 09:35
16 जून नोएडा से 10:15 नवी मुंबई 12:30