माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यापल में स्थायी नौकरी की मांग कर रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रभावित परिवारों के युवाओं ने प्रशासन के अनुरोध पर रविवार दोपहर बाद धरना समाप्त कर दिया। उन्होंने यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह से सोमवार दोपहर एक बजे मुलाकात का समय मांगा था। इससे पहले शनिवार रात से रविवार दोपहर तक युवाओं का धरना जारी रहा। यीडा और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवाओं से बात की। दूसरी तरफ हालांकि कुछ युवा धरना जारी रखना चाहते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यापल में अनुबंध के आधार पर कंपनियों से कार्य कराया जाता है। ऐसे में उन्हें अनुबंधित कंपनियों में ही स्थायी नौकरी दी जाएगी। इसी मुद्दे को लेकर अभी तक दोनों पक्षों में बात नहीं बन पा रही है। एसडीएम दुर्गेश सिंह ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए गई भूमि से प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं से वार्ता की गई है। युवाओं ने यमुना प्राधिकरण के सीईओ से मुलाकात करने और समस्या का हल निकलवाने की मांग की है। सोमवार को सीईओ से उनकी मुलाकात का समय दिलाया गया है। इसके बाद युवाओं ने कुछ दिनों के लिए धरना टालने की बात कहकर धरना समाप्त कर दिया। विधायक धीरेंद्र सिंह ने युवाओं और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की है।