-कैंसर से बचाव, जल्दी पता लगाने, इलाज की नई तरक्की और देखभाल पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एम्स के डॉ. बीआर अंबेडकर इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर हॉस्पिटल (आईआरसीएच) ने शुक्रवार को जेएल ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस पर एक सार्वजनिक व्याख्यान का आयोजन किया। कार्यक्रम का विषय रोकथाम से पैलिएशन तक रहा। इसमें कैंसर से बचाव, जल्दी पता लगाना, इलाज की नई तरक्की और दर्द निवारक देखभाल पर चर्चा हुई। इसमें केंद्रीय विद्यालयों के सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। उन्हें स्वस्थ जीवनशैली और कैंसर जागरूकता के गुर सिखाए गए।
दक्षिण पूर्व जिला से परिवारों को स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करने वाली आशा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं, केंद्रीय विद्यालय संगठन के उपायुक्त डॉ. सरदार सिंह चौहान मुख्य अतिथि रहे और प्रो. नीरजा भाटला ने मुख्य भाषण दिया। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर खत्म करने के लिए एचपीवी वैक्सीन और स्क्रीनिंग की देश में प्रगति बताई। कार्यक्रम का उद्घाटन एम्स के निदेशक प्रो. एम. श्रीनिवास ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जीवनशैली बदलाव, समय पर जांच और जागरूकता से कैंसर का बोझ कम हो सकता है। डॉ. पल्लवी शुक्ला ने कैंसर जागरूकता वीडियो जारी किया और सहयोगियों को सम्मानित किया गया। 34 स्कूलों के 530 छात्रों की इंटर-स्कूल प्रतियोगिता हुई, जिसमें प्रो. श्रीनिवास ने पुरस्कार बांटे। एक्सपर्ट बातचीत में कैंसर बचाव, जेनेटिक जांच, मिथक, रेडियोथेरेपी की नई तकनीक, एआई की भूमिका, एचपीवी टेस्टिंग और पैलिएटिव केयर जैसे विषय शामिल थे।