संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अहोई अष्टमी का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। ऐसे में लोगों ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, बाजार भी इसके लिए पूरी तरह है। अहोई अष्टमी को लेकर बाजारों में पूजन सामग्री, सजावट के सामान, व्रत का सामान, फल, मिठाइयों की दुकानें पूरी तरह सज गई हैं। अहोई अष्टमी के लिए बाजारों में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है।
अहोई अष्टमी को लेक व्रत, पूजन के साथ कपड़ों की दुकान, रेडिमेड गारमेंट, साड़ी शॉप इत्यादि पर भी भीड़ है। शहर के पुराना रादौर रोड, न्यू मार्केट, आनंद मार्केट, पेपर मिल गेट, छोटी लाइन, खेड़ा मोहल्ला, मीराबाई बाजार, जीएनजी कॉलेज रोड, डीएवी कॉलेज रोड, आजाद नगर, मॉडल टाउन, जगाधरी छोटी लाइन, दुर्गा गार्डन, देवीभवन बाजार, पत्थरों वाला बाजार सहित तमाम स्थानों पर दुकानदारों ने पूजा सामग्री, दीये, अहोई माता की तस्वीरें, नई साड़ियां और सजावट का सामान सजा रखा है। मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ नजर आ रही है।
दुकानदार प्रेम कुमार, सौरभ ने बताया कि करवाचौथ के बाद महिलाएं अहोई अष्टमी व्रत एवं पर्व को लेकर काफी उत्साहित हैं। पूजा के लिए अहोई माता की तस्वीरें, चुनरी और दीपदान के सामान की सबसे ज्यादा बिक्री हो रही है। दुकानदार रोबिन गगन ने बताया कि अहोई अष्टमी पर खासतौर से सोनपापड़ी, बर्फी, बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू व बर्फी, पेठा इत्यादि की ज्यादा मांग है। इसके अलावा बाजार में कलश और दीयों की खूब खरीदारी हो रही है। वहीं, डिजिटल अहोई माता की फोटो फ्रेम और सुंदर थाली सेट खूब बिक रहे हैं।
मां के लिए खरीद रहे उपहार
बच्चों के लिए माताएं जहां कठोर व्रत कर रही हैं। वहीं, बच्चे भी मां के प्रति अपना स्नेह दिखाने के लिए उपहार खरीद रहे हैं। अहोई अष्टमी के लिए कई तरह के उपहार बाजार में उपलब्ध हैं। वेदांश, प्रियांश, हिमांशु, पर्व, तनिष्क ने बताया कि अहोई अष्टमी पर वे मां के लिए उपहार खरीदने बाजार पहुंचे हैं। इसे लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। बच्चे माताओं के लिए शॉल, स्टेवर, जैकेट, साड़ी, मोबाइल फोन, मोबाइल कवर सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं।
अहोई पर्व के लिए खरीदारी करतीं महिलाएं। संवाद- फोटो : reasi news