नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से पुरस्कार प्राप्त करती महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्
आगरा। जल संरक्षण और सतत प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने आगरा नगर निगम को सम्मानित किया है। मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार-2024 में आगरा नगर निगम को सर्वश्रेष्ठ नगरीय निकाय (बेस्ट यूएलबी) श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से यह पुरस्कार केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल के हाथों से प्राप्त किया। महापौर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान आगरा की सामूहिक भावना और नगर निगम की समर्पित टीम की सफलता है। आगरा लगातार विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण, स्वच्छ वायु के बाद अब जल प्रबंधन की दिशा में पुरस्कार मिलना यह दर्शाता है कि निगम सही दिशा में प्रयास करते हुए आगे बढ़ रहा है। नगर आयुक्त ने कहा कि यह सम्मान आगरा के प्रत्येक नागरिक और टीम नगर निगम की मेहनत का परिणाम है। कहा कि निगम का लक्ष्य केवल स्वच्छ आगरा बनाना नहीं बल्कि ऐसा शहर तैयार करना है जो जल के प्रति आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और भविष्य के लिहाज से सुरक्षित हो। केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय जल पुरस्कार में नगर निकाय श्रेणी में पहला स्थान महाराष्ट्र के नवी मुंबई, दूसरा स्थान गुजरात के भावनगर और तीसरा स्थान उत्तर प्रदेश के आगरा व पश्चिम बंगाल के नबादीगंता को संयुक्त रूप से मिला है।
निगम ने ताजगंज क्षेत्र के छह वार्ड और तीन गांवों को 24 घंटे पानी देने के लिए योजना बनाई। इसके लिए जीवनी मंडी वॉटर वर्क्स से ताजगंज तक 1200 एमएम की पानी की लाइन बिछाई गई। साथ ही यहां स्मार्ट मीटर स्काडा सिस्टम लगाया गया। इसके अलावा पानी की लीकेज को रोकने के लिए लीकेज ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया। साथ ही शहर के नौ एसटीपी से रिसाइकिल होने वाले सीवेज के पानी को शहर की सड़कों पर स्प्रिंकलर में यूज किया जा रहा है। पार्क, डिवाइडर पर पेड़ों को सींचने के लिए नगर निगम के टैंकरों को उपलब्ध कराया जाता है।