होली खेलते वक्त बच्चे के मुंह में घुस गया था सरिया
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में बच्चों के मुंह में सरिया लगने के बाद बिल्डर प्रबंधन की नींद टूटी है। हादसे में बच्चों के घायल होने के बाद सरिये हटाए गए हैं। वहीं, निवासियों ने जिम्मेदारों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विरोध जताया। घायल बच्चे अब भी अस्पताल में उपचाराधीन है।
सोसाइटी के अंकित के अनुसार, सोमवार शाम को अपने दोस्त के साथ होली खेलते वक्त बच्चे के मुंह में सरिया घुस गया था। साथ ही, दूसरे बच्चे के सिर पर सरिया लगा था, जिससे दोनों जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने जब बच्चों के रोने की आवाज सुनी तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लोगों का आरोप है कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद मेंटेनेंस प्रबंधन ने उन सरियों को हटाया, जबकि पहले से व्यवस्था ठीक नहीं रखी गई। लोगों ने मामले की पुलिस से शिकायत की है।
उधर, बच्चे की मां प्रीति का कहना है कि फिलहाल बेटे की हालत में थोड़ा सुधार है। मुंह में अधिक चोटें आईं हैं। साथ ही, टांके भी आएं हैं। डॉक्टर की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। शायद उसे बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।