राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर मौजूद पानीपत पुलिस के जवान। पीआरओ
पानीपत। पुलिस शहीद दिवस सप्ताह के तहत शनिवार को पानीपत पुलिस के जवानों ने चाणक्यपुरी दिल्ली में राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया। भलाई शाखा इंचार्ज नीरज के नेतृत्व में एक दल शनिवार को दिल्ली पहुंचा। जहां पर देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए राज्य पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस बल के बहादुर सिपाहियों के नाम राष्ट्रीय शहीदी स्मारक में एक केंद्रीय शिल्पाकृति, एक संग्रहालय तथा एक शौर्य दीवार स्थापित है। राष्ट्रीय शहीदी स्मारक के भ्रमण का उद्देश्य जवानों में शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना व अपने दायित्वों के प्रति और अधिक निष्ठावान बनाना है। भ्रमण के दौरान दल के सभी जवानों ने स्मारक में प्रदर्शित पुलिस बलों की वीर गाथाओं, ऐतिहासिक घटनाओं और बलिदानों की जानकारी प्राप्त की।