अलीगढ़ में हत्या कर सैंथली में फेंका था शव
- आरोपी ट्रक चालक व मृतक के गांव का चौकीदार गिरफ्तार
- पुलिस ने छिजारसी पार्किंग से ट्रक किया बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
जारचा। सैंथली गांव के नजदीक धर्म कांटा के पास मिले शव को लेकर पुलिस ने 48 घंटे में ही वारदात का खुलासा कर दिया। अलीगढ़ के गभाना में जीटी रोड किनारे बंद पड़े पेट्रोल पंप पर युवक राजू उर्फ कालिया की उसके ही गांव के ही चौकीदार द्वारा हत्या के बाद ट्रक चालक शव को नोएडा में ठिकाने लगाकर चला गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक को छिजारसी पार्किंग से बरामद कर लिया।
आरोपियों की पहचान ट्रक चालक आगरा के सैयां निवासी भोलू राजपूत व अलीगढ़ के गभाना के गांव रामपुर निवासी चौकीदार महेंद्र पाल शर्मा के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज में ट्रक की पहचान होने पर पुलिस इन आरोपियों तक पहुंच सकी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी भोलू राजपूत ने बताया है कि वह 12 सितंबर को महाराष्ट्र से ट्रक में पेपर रोल लेकर नोएडा आ रहा था। जीटी रोड पर अलीगढ़ के गभाना में पेट्रोल पंप पर पहले से परिचित चौकीदार महेंद्र के पास शाम को आकर रुक गया। यहां दोनों ने शराब पी। रात करीब 10.30 बजे महेंद्र पाल के गांव का राजू उर्फ कालिया उसके पास आ गया।
दोनों में आपस में झगड़ा हो गया तो महेंद्र पाल ने पास में रखा डंडा उठाकर राजू उर्फ कालिया के सिर में पीछे से मार दिया। इससे राजू उर्फ कालिया बेहोश होकर गिर गया। बाद में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महेंद्र के कहने पर वह राजू के शव को ठिकाने लगाने के लिए ट्रक में डालकर सैंथाली तक ले आया और सुनसान जगह मिलते ही शव को फेंककर चला गया। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि हत्या शराब के नशे में की गई है। इनसे हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों का कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।