ग्रेटर नोएडा के वेदपुरा और खोदना कलां में अवैध रूप से बन रहे भवन पर कार्रवाई
फोटो -
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के वेदपुरा और खोदना कलां में शनिवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने अवैध रूप से बन रहे मकान और अपार्टमेंट को सील किया। वेदपुरा में अपार्टमेंट के पांच मंजिल तक बनने के बाद फिनिशिंग शुरू होने पर प्राधिकरण को कार्रवाई की याद आई। खोदना कलां में भी अधिकतर मकान बन चुके हैं।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अधिसूचित एरिया में अवैध रूप से बिल्डिंग निर्माण की जानकारी मिली, जिसके बाद वर्क सर्किल-2 की टीम ने कार्रवाई की। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह ने बताया कि वेदपुरा के खसरा संख्या 332, 333, 334 एवं 615 पर अवैध रूप से बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। इसी तरह खोदना कलां के खसरा संख्या 323, 324 एवं 194 की जमीन पर भी प्राधिकरण की अनुमति के बिना रो हाउस बनाए जा रहे थे। वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह और प्रबंधक रोहित गुप्ता ने इन भवनों को सील कराया है।
वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि पहली बार कार्रवाई कर इन्हें सील किया गया है। एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई चालू रहेगी।