ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिगड़ी गांव में शुक्रवार को एक 15 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाल पुलिस का कहना है कि सूचना मिली थी एक नाबालिग लड़की अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिली है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का अपनी सगी बहन से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने मृतका के परिजनों से पूछताछ की और आसपास के लोगों से भी घटना से संबंधित जानकारी जुटाई है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। जिससे मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सके।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। जांच में यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या अपराध से जुड़े तथ्य सामने आते हैं, तो नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।