दादरी (संवाद)। सब रजिस्ट्रार कार्यालय ग्रेनो वेस्ट में स्थानांतरण किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं की नौवे दिन भी हड़ताल जारी रही। अधिवक्ताओं ने मंगलवार को डीआईजी रजिस्ट्रार के पुतले की शवयात्रा निकाली। पूरे नगर में घुमाते हुए श्मशान घाट पर दहन कर आक्रोश जताया। इस दौरान करीब 15 संगठन शामिल रहे।
मंगलवार को अधिवक्ता एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और नारेबाजी की। अधिवक्ताओं एवं सामाजिक संगठनों कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि तहसील से सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को ग्रेनो वेस्ट में स्थानांतरण किया जाना अधिवक्ता एवं क्षेत्र की जनता के साथ धोखा है। गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को वहां पहुंचने में बेहद परेशानी होगी। बार एसोसिएशन दादरी को जिला बार एसोसिएशन कलेक्ट्रेट में प्रस्ताव पारित कर आंदोलन में सहयोग करने का आश्वासन दिया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महिपाल भाटी, ब्रजपाल भाटी, राजपाल नागर, संदीप कौशिक, राजकुमार सिंह, विनीत कुमार और राजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।