जिला ओलंपिक खेल-2026 के तहत टेनिस टूर्नामेंट करवाया
फोटो
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 स्थित इंडस वैली पब्लिक स्कूल में जिला ओलंपिक खेल-2026 के तहत टेनिस टूर्नामेंट आयोजित किया गया। इसमें शहर के विभिन्न सेक्टरों के स्कूलों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार को बालकों की अंडर-12 और अंडर-14 में सिंगल्स मुकाबले खेले गए। अंडर-12 कैटेगरी में स्टेप बाय स्टेप स्कूल के अद्विक महाजन ने स्वर्ण पदक जीता, वहीं नोएडा की बोलिवार्ड सोसाइटी के प्रद्योत सिंह ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। इस कैटेगरी में इंडस वैली पब्लिक स्कूल के कैरव जैन ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि मयूर स्कूल के दीवान इब्राहिम हुसैन खान ने चौथा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 में द श्रीराम मिलेनियम स्कूल के मेरांश जैन और रामाग्या स्कूल के रबीब अली खान ने फाइनल में अपनी जगह बनाई, तीसरा स्थान इंडस वैली पब्लिक स्कूल नोएडा के इजान सैफी और चौथा स्थान नोएडा एक्सटेंशन के समर्थ ने हासिल किया। अंडर-14 के फाइनलिस्ट खिलाड़ियों के बीच कल फाइनल का मुकाबला खेला जाएगा। इसके अलावा, कल ही अंडर-12 लड़कियों के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल शिखा शर्मा, डायरेक्टर निहारिका सिंह, डिस्ट्रिक्ट ओलंपिक गेम्स के इवेंट कोऑर्डिनेटर अमर चौहान, इंशा टेनिस एकेडमी के संस्थापक चेयरमैन बिलाल अहमद, वामोस टेनिस के सीनियर कोच अशरफ और अंपायर राशिद मौजूद रहे।