रबूपुरा (संवाद)। बाइक से स्टंट कर रहे युवक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और जीजा-साली गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बुलंदशहर निवासी मनीष अपनी साली इंदु के साथ बाइक से बुलंदशहर से रबूपुरा आ रहे थे। इसी दौरान महमदपुर गांव के पास युवक बाइक पर स्टंट कर रहा था। तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और उसने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इसमें मनीष के पैर की हड्डी टूट गई है और उनकी साली को भी गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।