- 5 नए रोजगारपरक कोर्स शामिल, सीयूईटी से भी मिलेगा प्रवेश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार विश्वविद्यालय में 152 पाठ्यक्रमों के तहत 4077 सीटों पर दाखिले होंगे। साथ ही रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पांच नए कोर्स भी जोड़े गए हैं। कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने बताया कि पहली बार स्नातक स्तर के कोर्स में 50 प्रतिशत सीटें कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) स्कोर के आधार पर भरी जाएंगी। इससे छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलेगा।
नए कोर्स में एडवांस डिप्लोमा इन चाइल्ड गाइडेंस एंड काउंसलिंग (आरसीआई मान्यता प्राप्त), पीजी डिप्लोमा इन हेरिटेज रेस्टोरेशन एंड मैनेजमेंट और जिम इंस्ट्रक्टर व जिम मैनेजमेंट जैसे प्रोफेशनल कोर्स शामिल हैं। विश्वविद्यालय में स्नातक के 55 कोर्स में 2620, स्नातकोत्तर के 61 कोर्स में 1265, डिप्लोमा के तीन कोर्स में 70, लैटरल एंट्री के 12 कोर्स में 20 और पीएचडी के 21 कोर्स में 102 सीटें उपलब्ध हैं। बीएससी (ऑनर्स) क्लिनिकल साइकोलॉजी, एमबीए, एलएलएम और पीएचडी कोर्स में प्रवेश विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा (जीबीयू-ईटी 2026) के माध्यम से होगा।
इस बार जियोस्पेशियल एंड डेटा साइंस और एमएससी न्यूक्लीयर मेडिसिन जैसे नए कोर्स छात्रों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिनमें क्रमशः 20 और 10 सीटें निर्धारित की गई हैं।