कई स्कूल रिजल्ट आने के बाद लेंगे दाखिला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल स्कूल छात्रों से आवेदन ले रहे हैं और प्री-बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर उनकी प्रारंभिक छंटनी की जा रही है। हालांकि स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अंतिम प्रवेश और स्ट्रीम का निर्धारण बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद ही किया जाएगा।
स्कूलों के अनुसार, इस समय शिक्षक बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों के मूल्यांकन कार्य में व्यस्त हैं जिसके चलते नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं हो रही हैं। ऐसे में दाखिला प्रक्रिया को शुरुआती स्तर पर ही रखा गया है ताकि परिणाम घोषित होते ही आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि अपने ही स्कूल के छात्रों के शैक्षणिक स्तर और प्रदर्शन की उन्हें अच्छी जानकारी होती है। प्री-बोर्ड के नतीजों और पूरे साल के प्रदर्शन के आधार पर यह अनुमान लगाया जा सकता है कि छात्र बोर्ड परीक्षा में कैसा प्रदर्शन करेंगे लेकिन दूसरे स्कूल से आने वाले छात्रों के बारे में इतना नहीं पता होता है।
अभी प्री-बोर्ड के नंबरों के आधार पर आवेदन लिए जा रहे हैं ताकि बाद में छात्रों को उनकी योग्यता के अनुसार स्ट्रीम दी जा सके। प्रबंधकों का कहना है कि छात्रों को उनकी रुचि और प्रदर्शन के अनुसार विज्ञान, वाणिज्य या कला वर्ग में प्रवेश दिया जाएगा।
एपीजे स्कूल की प्रिंसिपल नेहा शर्मा ने बताया कि वर्तमान में केवल एप्लिकेशन स्वीकार किए जा रहे हैं और यह प्रक्रिया पूरी तरह अस्थायी है। अंतिम निर्णय बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर ही लिया जाएगा। पंचशील और महामाया बालिका इंटर कॉलेज में रिजल्ट आने के बाद ही दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी।