-कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट के लिए आवेदन तिथि बढ़ने का नहीं पड़ेगा असर
-पीजी के लिए एनटीए की आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद जारी होगा इंर्फोमेशन बुलेटिन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2023-24 में स्नातक कोर्सेज में दाखिला प्रक्रिया मई में शुरू होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट(सीयूईटी) के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने का असर डीयू की दाखिला प्रक्रिया पर नहीं पड़ेगा। चूंकि एनटीए ने प्रवेश परीक्षा की तिथियों को नहीं बदला है, इसलिए डीयू की प्रक्रिया शुरू होने में देरी नहीं होगी। वहीं, पीजी के लिए एनटीए की ओर से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के बाद इंर्फोमेशन बुलेटिन जारी कर दिया जाएगा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से बीते सप्ताह ही सीयूईटी में बैठने के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ाकर 30 मार्च किया गया है। ऐसे में यह कयास लगाए जाने लगे थे कि इस बार फिर से डीयू की दाखिला प्रक्रिया शुरू होने में देरी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन कयासों पर विराम लगा दिया है। डीयू दाखिला समिति के डीन प्रो. हनीत गांधी ने बताया कि सीयूईटी के लिए आवेदन तिथि बढ़ने का असर डीयू की दाखिला प्रक्रिया पर नहीं पड़ेगा। सीयूईटी के लिए ज्यादा से ज्यादा छात्र आवेदन कर सकें, इस वजह से एनटीए ने आवेदन करने की तिथि बढ़ाई है।
एनटीए ने प्रवेश परीक्षा के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया है। प्रवेश परीक्षा तय समय पर होने के कारण विश्वविद्यालय भी मई तक आवेदन प्रक्रिया को शुरू कर देंगे। सीयूईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही हमने भी जल्द ही इंर्फोमेशन बुलेटिन जारी कर दिया था। जिससे कि छात्रों को डीयू की प्रक्रिया का भी पता चल सके। पीजी के लिए आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस पर उन्होंने कहा कि इस बार डीयू के पीजी कोर्सेज में दाखिले के लिए भी छात्रों को सीयूईटी देना है। ऐसे में जब एनटीए की ओर से सीयूईटी की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, उसके बाद ही विश्वविद्यालय भी पीजी इंर्फोमेशन बुलेटिन जारी कर देगा।