जम्मू। वित्त विभाग ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी है जो तबादला आदेश जारी होने के बाद भी अपनी नई तैनाती वाली जगह पर नहीं पहुंचे हैं और पुराने पदों पर ही डटे हुए हैं। विभाग ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि यह अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभाग की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का हाल ही में स्थानांतरण हुआ है, वे बिना देर किए अपनी नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करें। विभाग ने इसके लिए 27 अक्तूबर 2025 तक की अंतिम तारीख तय की है। वित्त विभाग ने साफ कहा है कि जो अधिकारी या कर्मचारी इस तारीख तक नई जगह पर रिपोर्ट नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि सरकार के आदेशों की अनदेखी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी। ब्यूरो