दादरी तहसील की बार ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, 9 साल से खाली है बिल्डिंग
अक्तूबर, 2022 में प्रशासन ने बिल्डिंग को तोड़ने के लिए शासन को भेजा था प्रस्ताव
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
जिला प्रशासन तीन साल में दादरी तहसील की जर्जर बिल्डिंग को नहीं गिरा सका है। बिल्डिंग काफी जर्जर हो चुकी है और कभी भी गिर सकती है। ऐसे में सोमवार को दादरी बार एसोसिएशन ने एडीएम के नाम ज्ञापन देकर तत्काल बिल्डिंग को गिराने की मांग की है ताकि हादसे की आशंका को खत्म किया जा सके। वहीं, प्रशासन का कहना है कि जल्द ही बिल्डिंग को गिराया जाएगा।
दादरी तहसील का नया भवन वर्ष 2016 में बन गया था जिसके बाद पुरानी बिल्डिंग को खाली कर दिया गया। अब ये काफी जर्जर हो चुकी है।बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जर्जर भवन के पास काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कभी भी हादसा हो सकता है। बार-बार शिकायत के बाद भी बिल्डिंग को गिराया नहीं जा रहा है। बिल्डिंग में लावारिस मवेशी भी बैठे रहते हैं।
दादरी तहसील की पुरानी बिल्डिंग को तोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर जारी किया गया है। कंपनी का चयन होने के बाद बिल्डिंग को तोड़ने का काम शुरू होगा। जल्द ही सभी प्रक्रिया को पूरी कर कंपनी को जिम्मेदारी दी जाएगी। -
मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)