ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने मंगलवार को कासना स्थित लोहम कंपनी के नए अनुसंधान और नवाचार केंद्र की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि सरकार महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और लोहम का नया अनुसंधान व नवाचार केंद्र इस दिशा में सराहनीय कदम है। यह खनिज स्वतंत्रता और सतत ऊर्जा की ओर भारत के संक्रमण को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लोहम के वैज्ञानिक भारत सरकार की ओर से चिह्नित 27 महत्वपूर्ण खनिजों में से 15 पर उन्नत अनुसंधान कर रहे हैं, जिनमें कोबाल्ट, निकल, लिथियम, ग्रेफाइट, एल्यूमीनियम, तांबा और दुर्लभ मृदा तत्व शामिल हैं। लोहम के संस्थापक और सीईओ रजत वर्मा भी मौजूद रहे। ब्यूरो