नूंह। सभी शिक्षा अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य नकल रहित परीक्षा होना चाहिए। नकल से किसी का भला नहीं होता बल्कि इससे पूरे समाज को नुकसान होता है। साफ-सुथरी परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी सख्ती करेगा। उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने मंगलवार को जिला सचिवालय में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से आयोजित बैठक में ये बात कही। इस मौके पर बोर्ड के वाइस चेयरमैन वीपी यादव और सचिव राजीव प्रसाद भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि इस कार्य के लिए शिक्षा विभाग पंचायत स्तर तक सहायता ले और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी केंद्र पर नकल न हो। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ज्यादा सख्ती से एक बार परिणाम कुछ खराब आएं लेकिन लंबे दौर के लिए यह चीज समाज के लिए बहुत अच्छी होती है। नकल की प्रवृति से विद्यार्थियों का जीवन बर्बाद होता है। एक बार नकल से पास होने के बाद विद्यार्थी भविष्य में किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफल नहीं हो पाता। ऐसे विद्यार्थी किसी भी रोजगार के लायक भी नहीं रहते। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रकार के प्रबंध पुख्ता किए जाएंगे। परीक्षा के दिन पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध करवाया जाएगा और समय-समय पर जिला प्रशासन के अधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। जिला प्रशासन विशेष तौर पर प्रथम श्रेणी व द्वितीय श्रेणी के सभी विभागों के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष दस्ते नियुक्त करेगा जो कि नकल उन्मूलन अभियान की सफलता सुनिश्चित करेंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित बैठक में मौजूद बोर्ड के वाइस चेयरमैन वीपी यादव ने कहा कि नकल रोकने में जो कार्य विद्यालयों के प्रिंसिपल कर सकते हैं वह कोई अन्य नहीं कर सकता। बोर्ड के सचिव राजीव प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि किसी भी जिले में नकल नहीं होनी चाहिए। पिछली बार जिले में नकल के कारण 6 परीक्षा केंद्र रद्द किए गए थे और 333 नकल के केस बनाए गए थे और 29 एफआईआर दर्ज की गई थी। यह बहुत ही शर्मनाक बात है। इस बात को इस बार नहीं दोहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार बोर्ड की 20 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षा में 30 हजार से अधिक विद्यार्थी बैठेंगे। यह परीक्षा 11.30 से 2 तक आयोजित की जाएगी। नूंह जिला में 69 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
नियंत्रण कक्ष स्थापित होगा : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा इस बार परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप तथा नकल संबंधी शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाएगा। बोर्ड मुख्यालय पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा इसके दूरभाष नंबर 01664-244175, 254000, 254604 व व्हाट्सएप नंबर 8816840349 हैं। कोई भी व्यक्ति परीक्षा से संबंधित शिकायत बोर्ड के व्हाट्सएप नंबर पर कर सकता है उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।