वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-3 की पाबंदियां लागू होने के बाद नोएडा में बुधवार से सख्ती बढ़ेगी। पेट्रोल वाहन बीएस-4 या इस से ऊपर श्रेणी का लेकर चला जा सकेगा। वहीं डीजल वाहन बीएस-6 या इसके ऊपर का होना जरूरी है। ऐसा न होने पर ट्रैफिक पुलिस बुधवार से अभियान चलाकर कारवाई करेगी।
प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर वाहन चालकों का 20 हजार रुपये का चालान काटा जा सकता है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में करीब एक लाख बीएस-4 और 51 हजार से अधिक बीएस-3 श्रेणी के वाहन पंजीकृत हैं। इन वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए यातायात पुलिस ने पांच टीमें बनाई हैं। इन्हें जेवर टोल, जीरो प्वाइंट और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 घंटे तैनात किया गया है।
इसके अलावा डीएनडी फ्लाईवे, चिल्ला बॉर्डर, कालिंदी कुंज, न्यू अशोक नगर और कोंडली बॉर्डर पर भी प्रवर्तन टीमें निगरानी कर रही हैं। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर प्रतिबंधित वाहनों को रोकने की व्यवस्था की गई है। गौतमबुद्ध नगर में दिल्ली, गाजियाबाद, आगरा, लखनऊ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़ और फरीदाबाद की ओर से बड़ी संख्या में निजी और मालवाहक वाहन आते हैं। ऐसे में दूसरे जिलों से आने वाले प्रतिबंधित वाहनों को भी प्रवेश बिंदुओं पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास ने वाहन चालकों से ग्रैप-3 के नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित श्रेणी के वाहन चलाते पकड़े जाने पर कारवाई की जाएगी। डीसीपी ने बताया की यह प्रतिबंध 6 नवंबर से प्रभावी हैं। आईटीएमएस से भी निगरानी की जा रही है।