नूंह। गैस सिलिंडर में गैस के बजाय पानी भर कर बेचने का आरोप एक गैस एजेंसी पर लगा है। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से की। हालांकि बाद में दोनों पक्षों का समझौता यह कहकर करवा दिया कि उपभोक्ता को दूसरा सिलेंडर दे दिया जाएगा।
नूंह शहर के वार्ड-13 निवासी इदरीश ने बताया कि उन्होंने विजय गैस एजेंसी नूंह के सप्लायर तालीम से करीब 10 दिन पहले गैस सिलिंडर लिया था। रविवार को इस्तेमाल करने के लिए चूल्हे से जोड़ा, लेकिन चूल्हा नहीं जला। इसके बाद वे चूल्हे व रेगूलेटर को लेकर बाजार में मिस्त्री के पास पहुंचे और उसे चेक करवाया। मिस्त्री ने दोनों चीजों को सही बताया, पड़ोसियों का चूल्हा भी लगाया, लेकिन वह भी नहीं चला। इस पर सोमवार को पीड़ित सिलिंडर को लेकर नूंह के गांधी पार्क के पास एजेंसी के कार्यालय पहुंचा। उसे यह कहकर भेज दिया कि वे इस संदर्भ में कुछ नहीं कर सकते। इसके बाद पीड़ित ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय में जाकर शिकायत दी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सीमा शर्मा ने कहा कि यह मामला उनके सामने आया था और एजेंसी वाले को कहा गया था। संवाद