जेवर बेचने और इलाज का खर्च न देने की भी शिकायत
ग्रेटर नोएडा। कसना कोतवाली क्षेत्र में युवक पर पत्नी को छत से धक्का देने, जेवर बेचने और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा है। गिरने से विवाहिता की कमर की हड्डी टूट गई। परिजनों ने तहरीर में इलाज के लिए खर्च न देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की मां मायरा के तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
गोंडा निवासी पीड़िता की मां मायरा वर्तमान में आरके पब्लिक स्कूल के पास कसना में रहती हैं। उन्होंने बताया कि 20 वर्षीय बेटी सना की शादी करीब दो वर्ष पहले कासना कस्बे में पुरानी मस्जिद के पास रहने वाले आमिर से हुई थी। तहरीर के मुताबिक शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सना को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 5 फरवरी को आमिर ने शराब के नशे में सना को घर की छत से धक्का दे दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गिरने से उसकी कमर की हड्डी टूट गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़िता की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने पहले उसके जेवरात बेच दिए और अब इलाज के लिए भी कोई आर्थिक सहायता नहीं दे रहे हैं। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो