तहसील सदर के बिसाइच उर्फ बरसात गांव में चल रहा है विवाद
आरोप-पुलिस टीम ने आरोपियों को रोका नहीं, डीएम से मदद मांगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तहसील सदर के बिसाइच उर्फ बरसात गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि एसडीएम के यथास्थिति के आदेश के बावजूद दूसरा पक्ष वहां पर पूजा करने पहुंच गया। इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की जबकि आदेश में पुलिस को भी शामिल किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूजा करने के संबंध में आदेश नहीं था। फिर भी सूचना पर उनको हटाया गया। तहसील टीम को सूचना दी गई है। जल्द विवाद खत्म कराया जाएगा।
शिकायतकर्ता राजेश देवी ने सोमवार को जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया कि गांव के खसरा नंबर 169 में उनकी निजी जमीन है। कब्जा भी उनका है, लेकिन कुछ लोग जमीन को ग्राम समाज की बताकर मंदिर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पंचायत भी की गई, लेकिन फिर भी आरोपी अवैध कब्जा करने में लगे हैं। उसके बाद एसडीएम सदर से शिकायत की। वहां से जांच पूरी होने तक यथास्थिति का आदेश जारी किया गया। पुलिस को भी यह आदेश भेजा गया, लेकिन उसके बावजूद सोमवार को दूसरे पक्ष के लोग जमीन पर जाकर जबरन पूजा करने लगे। इसकी सूचना ईकोटेक- वन थाना पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस टीम ने आरोपियों को रोका नहीं। उसके बाद डीएम से शिकायत कर मदद मांगी है। इस मामले में ईकोटेक वन थाना प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि एसडीएम के आदेश पर पूजा के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। फिर भी विवाद नहीं बढ़े, इसके लिए उनको हटाया गया है। तहसील टीम के साथ बैठक कराकर दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद को खत्म कराया जाएगा।
उधर एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता का कहना है कि 4 जून को दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया गया था। जमीन की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी है। जांच पूरी होने तक जमीन पर यथास्थिति रहेगी। आदेश की एक प्रतिलिपि संबंधित थाने को भेजी है। अगर कोई पक्ष फिर भी जमीन पर जाकर विवाद कर रहा है तो पुलिस को कार्रवाई करनी होगी।