हसीन के परिजनों पर मानसिक रूप से परेशान करने का लगाया आरोप
ककराला गांव में समय रहते परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। हसीन हत्याकांड के आरोपी ने बुधवार सुबह कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ककराला गांव में रहने वाले 21 वर्षीय युवक को परिजनों ने समय रहते नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। युवक ने हसीन के परिजनों पर कई दिनों से धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या के प्रयास और हसीन हत्याकांड, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। युवक हापुड़ के बझेड़ा कलां गांव निवासी हसीन की हत्या के मामले में आरोपी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे कंट्रोल रूम पर ककराला गांव में युवक के आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना मिली। बताया गया कि युवक अपने कमरे में पंखे से लटका तभी परिजनों ने गेट खोलकर उसे नीचे उतारा। पिता और भाई उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पता चला कि युवक हापुड़ के बझेड़ा कलां गांव निवासी हसीन की हत्या के मामले में संदिग्ध है। हसीन के परिजनों ने पहले भी रिश्तेदारी के एक युवक पर हत्या में शामिल होने का शक जाहिर किया था। पुलिस हत्याकांड में सीसीटीवी फुटेज समेत कई तथ्य जुटा रही है। आत्महत्या का प्रयास करने वाले युवक के अस्पताल में बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने मानसिक रूप से परेशान करने और धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भी जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि हापुड़ के बझेड़ा कलां गांव निवासी हसीन फेज-दो थाना क्षेत्र के ककराला गांव में किराये के कमरे में अपने भाई के साथ रहता था। वह 15 नवंबर की शाम से लापता था। 18 नवंबर की सुबह उसका खून से लथपथ शव पुस्ते के नीचे मिला था। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।