पुन्हाना। पुन्हाना पुलिस ने पुलिस का फर्जी आई कार्ड लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुन्हाना बस अड्डे से पकड़े गए आरोपी से फर्जी आई कार्ड बरामद हुआ है। जिसे वह बसों व टोल बूथों पर इस्तेमाल करता था। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कागजात से छेड़छाड़ सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बिसरू मोड पुन्हाना में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मुबीन निवासी सिंगार थाना बिछौर ने पुलिस का फर्जी आई कार्ड बनवा रखा है। जिसे वह बसों और टोल बूथों पर इस्तेमाल करता है। आरोपी के बस अड्डा पुन्हाना पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर मुबीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि फर्जी आई कार्ड तैयार करने में मुबीन के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।