संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों ने तीन जिंदगियां लील लीं। पहला हादसे रेलवे लाइन पार करते समय नाबालिग की ट्रेन से कटने पर मौत गई। दूसरे में ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर से व्यक्ति और तीसरे में पुलिस बैरिकेड्स टकराने से दो बच्चों के पिता की मौत हो गई।
ट्रेन की चपेट में आने से 17 वर्षीय जवाहर नगर के वार्ड नंबर के 18 निवासी प्रवीण कुमार की मौत हो गई। उसका शव न्यू रेलवे स्टेशन कलानौर और न्यू जगाधरी वर्कशॉप के बीच डीएफसीसी लाइन के ऊपर से बरामद हुआ है। शव क्षत-विक्षत हो चुका था। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव ट्रेन की चपेट में आने की वजह से काफी जगह से कट चुका था। उन्होंने आसपास के एरिया में पूछताछ की तो थोड़ी देर में उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और मृतक की पहचान 17 वर्षीय प्रवीन जवाहर नगर के रूप में की।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
यमुनानगर। इंद्रावास कॉलोनी के 32 वर्षीय दीपक की बाइक पुलिस के बैरिकेड्स से टकराने पर मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक प्यारा चौक के नजदीक एक लैब में ड्राइविंग का काम किया करता था और दो बच्चों का पिता था। मृतक के भाई राजेश ने बताया कि दीपक काफी समय से लैब में ड्राइविंग कर रहा था। उसकी ड्यूटी का कोई टाइम फिक्स नहीं था। वह अक्सर रूट पर ही रहता था। बुधवार की सुबह वह अपने काम पर चला गया था। पता चला है कि वह ऑर्डर की डिलिवरी करने के लिए ऋषिकेश गया हुआ था और रात को गाड़ी लैब में खड़ी करके अपनी बाइक से घर लौट रहा था। पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया है कि दीपक करीब 10 बजे अग्रसेन चौक के नजदीक पहुंचा था। ऐसे में वह सड़क के बीच लगे बैरिकेड्स से जा टकराया और बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गहरी चोट आई। इससे काफी खून बह गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
यमुनानगर। साढौरा में बीईओ कार्यालय के मोड पर वीरवार को गति से ट्रैक्टर लेकर आ रहे चालक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बाइक सवार ट्रैक्टर में फंस गया। लगभग 200 मीटर तक उसे घसीटते हुए ट्रैक्टर लेकर गया। राहगीरों ने किसी तरह से उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव पम्मूवाला निवासी 33 वर्षीय असगर दोपहर को बाइक पर साढौरा किसी काम से आ रहा था। जब वह साढौरा में बीईओ कार्यालय के मोड पर पहुंचा तभी एक चालक काफी गति पर ट्रैक्टर लेकर आया। उसने असगर की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि असगर ट्रैक्टर में फंस गया और उसकी बाइक दूर जा गिरी। गति अधिक होने से वह ट्रैक्टर के मडगार्ड में फंस गया। काफी दूर तक घिसटते हुए गया। राहगीरों ने शोर मचाया तो चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। राहगीरों ने असगर को मशक्कत के साथ ट्रैक्टर से निकाला और अस्पताल में दाखिल कराया। साढौरा थाना पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद
दीपक। फाइल फोटो
दीपक। फाइल फोटो
दीपक। फाइल फोटो