तावडू। जिला मुख्यालय जाने वाली सड़क पर पत्थरों के ढेर से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसके कारण हादसों का अंदेशा बना रहता है। लेकिन विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से इस संबंध में ध्यान देने की मांग की है।
तावडू-नूंह रोड पर कुछ दिन पहले एक डंपर अवैध पत्थर भरकर सड़क से गुजर था।
जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो सड़क पर बन रहे रेलवे लाइन के नवनिर्मित पुल के पास चालक ने पत्थरों को सड़क पर ही खाली कर दिया। जिन्हें कई दिन बीतने के बाद भी नहीं हटाया गया है। इसकी वजह से सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों को भारी जहमत का सामना करना पड़ रहा है। पत्थरों के सड़क पर पड़े होने की वजह से जहां वाहन चालक परेशान है। रात में चालकों को पत्थर दिखाई नहीं देने के कारण हादसा हो सकता है। लोगों ने इन पत्थरों को हटाने की गुहार लगाई है।