संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। यात्रियों की मांग के अनुसार रोडवेज की ओर से पांच स्थलों देहरादून, हरिद्वार, वृंदावन, मेहंदीपुर (बालाजी) व हल्दवानी के लिए नई एसी बसों का संचालन शुरू किया है। इनमें से मंगलवार को वृंदावन के लिए एसी बस को शुरू किया गया। सामान्य बसों के साथ-साथ अन्य चार स्थलों के लिए इसी सप्ताह बसें रवाना होंगी। बसों का परमिट मिल चुका है।
बस स्टैंड के बूथ नंबर एक से मंगलवार दोपहर 12:30 बजे मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि व उपायुक्त सचिन गुप्ता ने वृंदावन के लिए एसी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रोडवेज महाप्रबंधक विपिन कुमार ने बताया कि वृंदावन के लिए दोपहर 12:10 स्टैंड से एसी बस प्रतिदिन चलेगी।
वृंदावन के लिए एसी बस वाया बहादुरगढ़, दिल्ली, फरीदाबाद, पलवल, छटीकरा होकर जाएगी। वहीं, इसी मार्ग के लिए वृंदावन से सुबह 5 बजे रोहतक के लिए बस प्रस्थान करेगी।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आमजन की मांग के अनुसार सुविधा उपलब्ध करवा रही है। इसी के मद्देनजर रोहतक से वृंदावन के लिए एसी बस की सुविधा यात्रियों को उपलब्ध करवाई गई है। इस अवसर पर भाजपा नेता ईश्वर सिंगल, ब्लॉक समिति चेयरमैन खुशीराम हुड्डा, नरेश काला, यातायात प्रबंधक नवीन कुमार, संस्थान प्रबंधक हंसराज, मुख्य निरीक्षक कुलदीप सिंह व अमित महराणा आदि मौजूद रहे।
वृंदावन तक एसी में लगेगा 357 रुपये किराया
विपिन कुमार ने बताया कि वृंदावन के लिए एसी बस में 357 रुपये किराया निर्धारित किया है। एसी बसों के साथ-साथ सामान्य बसों का संचालन सुचारु रहेगा। पांचों स्थलों पर इन बसों में सामान्य की अपेक्षा डेढ़ गुना किराया लगेगा। उन्होंने कहा कि छठ पूजा पर डिपो की 171 बसें यात्रियों की सुविधा में चलेंगी। छठ पूजा के लिए बसों के संचालन की पूरी तैयारी की गई है।